आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा निरस्त हो गया है। अब मुख्यमंत्री मथुरा के बरसाना से सीधे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष कार्याधिकारी आरवीएस रावत की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 3:25 बजे बरसाना स्थित मान माता मंदिर के हेलीपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शाम 4:05 बजे गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेगा। यहां से वह सड़क मार्ग द्वारा शाम पांच बजे दिल्ली स्थित यूपी सदन पहुंचेंगे। इसके बाद का कार्यक्रम मुख्यमंत्री की सुविधानुसार निर्धारित होगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पहले मथुरा प्रवास के बाद आगरा आने का कार्यक्रम तय था। उन्हें शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करनी थी और शोक संवेदना व्यक्त करनी थी।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन सोमवार से ही तैयारियों में जुटा हुआ था। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर अन्य आवश्यक इंतजाम किए जा रहे थे। हालांकि, संशोधित कार्यक्रम जारी होने के बाद अब मुख्यमंत्री का आगरा आगमन नहीं होगा। उनके दौरे के निरस्त होने से प्रशासन की तैयारियां भी समाप्त हो गई हैं।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।