फतेहपुर सीकरी। चचेरी बहन की लगन-सगाई लेकर धौलपुर जा रहे नगला रमले गांव के दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, नगला रमले निवासी जितेंद्र (30) पुत्र भूपो सिंह और बबलू (35) पुत्र महेंद्र सिंह 18 नवंबर को अपनी चचेरी बहन प्रिया पुत्री वकील की लगन लेकर राजस्थान के धौलपुर जा रहे थे। इसी दौरान धौलपुर-भरतपुर हाईवे पर सरेंधी के पास सड़क हादसे में दोनों की जान चली गई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 19 नवंबर को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। थाना फतेहपुर सीकरी प्रभारी निरीक्षक आनंदवीर सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस की मौजूदगी में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलने से पूरा गांव गमगीन है।










टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।