खेरागढ़। नगर पंचायत खेरागढ़ में गुरुवार को नवनिर्मित भव्य बारात घर का सांसद राजकुमार चाहर ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इससे पहले चेयरमैन सुधीर गर्ग 'गुड्डू' ने विधिवत हवन-पूजन किया। समारोह में सैकड़ों नगरवासी शामिल हुए और अन्नकूट प्रसाद ग्रहण किया।
तीन मंजिला इस बारात घर में पांच कमरे, दो बड़े हॉल, आधुनिक किचन और कार्यालय की सुविधा उपलब्ध है। यहां एक साथ 800 से अधिक लोगों के आयोजन की व्यवस्था है। इसे विधानसभा खेरागढ़ की बहन-बेटियों और उनके परिवारों को समर्पित किया गया है।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि ऐसी जनसुविधाएं विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनका सीधा लाभ आम परिवारों को मिलता है। बारात घर बनने से विवाह समारोह आयोजित करने में क्षेत्रवासियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
चेयरमैन सुधीर गर्ग ने कहा कि इस भवन का उद्देश्य मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि बेटियों की शादी में उन्हें स्थान संबंधी परेशानी न हो।
लोकार्पण समारोह में सभासदों सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।