उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में शनिवार (14 नवंबर 2026) को राजनीतिक हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले का शुभारंभ किया और क्षेत्र के लिए विकास योजनाओं की घोषणा की। कार्यक्रम में धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी भी मौजूद थे, जिन्हें मेले की अध्यक्षता का दायित्व दिया गया था।
मुख्यमंत्री के संबोधन और कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद जब विधायक हरीश धामी मंच पर पहुंचे और लोगों को संबोधित करने लगे, तो उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज विधायक आगबबूला हो गए। उन्होंने माइक ऑपरेटर की ओर माइक फेंक दिया और मंच पर रखी कुर्सियां भी पटक दीं। समर्थकों ने भी साउंड सिस्टम और मंच पर तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
हरीश धामी ने आरोप लगाया कि मेले के अध्यक्ष होने के बावजूद उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘डरपोक धामी’ कहा और 2027 के विधानसभा चुनाव में धारचूला सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी अनुमति दे तो वे मुख्यमंत्री के खिलाफ कहीं से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। भाजपा ने विधायक के आचरण की निंदा की है और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह घटना उत्तराखंड की सियासत में नई गर्माहट पैदा कर रही है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।