आगरा। दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी और आतिशबाजी में डूबा था, उसी दौरान चोरों ने कमला नगर के कावेरी कुंज स्थित कावेरी मंदिर को निशाना बना लिया। तीन चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और हनुमान जी की प्रतिमा के पास रखे दानपात्र को तोड़कर करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
वारदात के दौरान एक चोर नशे में धुत होने के कारण मंदिर के अंदर ही गिरकर बेहोश हो गया। उसके दोनों साथी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। सुबह मंदिर पहुंचे लोगों ने टूटा ताला और दानपात्र देखकर पुलिस को सूचना दी।
दानपात्र तोड़कर उड़ाई नकदी
मंदिर कमेटी के अनुसार, दीपावली की रात पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में ताला लगाकर सभी लोग घर चले गए थे। इसी दौरान तीन चोरों ने मुख्य ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और दानपात्र तोड़कर उसमें रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। दीपावली पर श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में दान किया था।
नशे में बेहोश चोर को पुलिस ने पकड़ा
सुबह मंदिर के अंदर एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। सूचना पर पहुंची थाना कमला नगर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। होश में आने के बाद पूछताछ में उसने अपने दोनों साथियों के नाम बताए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
कमला नगर में चोरी की दूसरी बड़ी वारदात
कमला नगर क्षेत्र में हाल ही में चोरी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले प्रोफेसर कॉलोनी में पीवीसी कारोबारी के घर लाखों रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए 90 प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया था, जबकि कारोबारी परिवार ने बरामदगी पर असंतोष जताते हुए महज 25 प्रतिशत जेवरात वापस मिलने की बात कही थी।
30 साल पहले हुई थी मंदिर की स्थापना
मंदिर कमेटी के अनुसार, कावेरी मंदिर की स्थापना करीब 30 साल पहले हुई थी। क्षेत्र के लोगों की इस मंदिर में गहरी आस्था है। दीपावली जैसे पावन पर्व पर मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।