फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। पहली घटना में तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जबकि दूसरी घटना में साइड लेने के दौरान दो कंटेनर आपस में भिड़ गए। गनीमत रही कि दोनों हादसों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना में लखनऊ से ऋषिकेश जा रही स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे के डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के समय स्कार्पियो में पांच लोग सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी लोग सुरक्षित बताए गए।
वहीं, दूसरी घटना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 27.900 पर हुई। बताया गया कि आगे चल रहे कंटेनर से साइड लेने के प्रयास में पीछे चल रहे कंटेनर का अगला हिस्सा उससे टकरा गया। टक्कर के कारण दोनों कंटेनर मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने पर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को व्यवस्थित कराया। हादसों के बावजूद एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ और वाहनों का आवागमन सुचारु बना रहा।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।