नई दिल्ली। सराकोद्धारक ब्रह्मलीन राष्ट्रसंत जैन आचार्य श्री ज्ञानसागर जी महाराज का छठा समाधि स्मृति दिवस रविवार, 15 नवंबर को पूर्वी दिल्ली में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जैन समाज सूर्या नगर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जैन संतों और धर्मावलंबियों ने आचार्य श्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान का स्मरण किया। आचार्य श्री ने वर्ष 2020 में राजस्थान के बारां में समाधि ली थी।
कार्यक्रम में मुनि श्री ज्ञात सागर महाराज, आर्यिका सुज्ञानमति माताजी, आर्यिका दयामति माताजी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन जैन ने कहा कि आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज का व्यक्तित्व बहुआयामी था। उनके शिष्य आज भी उनके बताए मार्ग पर चलकर धर्म, संस्कृति और समाज को नई दिशा दे रहे हैं।
इस अवसर पर मुनि ज्ञात सागर महाराज एवं आर्यिका सुज्ञानमति माताजी ने कहा कि आचार्य श्री का जाना जैन समाज के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। वे श्रमण परंपरा के दैदीप्यमान दिव्य नक्षत्र थे। उनका अवदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि आचार्य श्री ने भगवान महावीर के सिद्धांतों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। शिक्षा, संस्कृति, धर्म, दर्शन, शाकाहार और व्यसनमुक्त जीवन के प्रति उनके प्रयासों ने देश-विदेश में समाज को प्रेरित किया। उनका जीवन केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों के प्रसार का भी माध्यम बना।
कार्यक्रम में योगेश जैन, ऋषभ जैन, आनंद जैन, मनोज जैन, लोकेश जैन, वरुण जैन गोल्डी, संजय जैन, विशाल जैन सहित जैन समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने आचार्य श्री के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट - सुखमाल जैन













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।