कानून की ताकत का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसके आदेश जमीन पर भी दिखाई दें। अन्यथा सरकारी फरमान केवल कागजों की शोभा बनकर रह जाते हैं। उन्नाव में कुर्क संपत्तियों पर कथित अवैध कब्जे, फर्जी दस्तावेजों के सहारे बिक्री और निर्माण के आरोपों ने प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जब सरकारी आदेश से कुर्क जमीन ही सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी की संपत्ति की हिफाजत कौन करेगा?
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायती पत्र के अनुसार, गैंगस्टर कार्रवाई के तहत विभिन्न भूमि संख्याओं को कुर्क किया गया था। आरोप है कि प्रार्थिनी के जेल जाने के बाद विपक्षी पक्ष ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर इन जमीनों की बिक्री शुरू कर दी और कुछ स्थानों पर निर्माण भी कराया जा रहा है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि कुर्क संपत्ति पर कब्जे और बिक्री के प्रयासों को लेकर संबंधित पक्ष के विरुद्ध सरकारी मुकदमे दर्ज हैं।
यहां सवाल केवल जमीन पर कब्जे का नहीं, बल्कि सरकारी आदेश की प्रतिष्ठा और प्रशासनिक जवाबदेही का भी है। आखिर जिस संपत्ति को शासन-प्रशासन ने विधिक प्रक्रिया के तहत अपने नियंत्रण में लिया, उसकी निगरानी का दायित्व किसका है? क्या कुर्की के बाद जिम्मेदार विभागों ने अपनी जिम्मेदारी भी कागजों में ही पूरी मान ली?
विडंबना देखिए कि आम नागरिक अपनी जमीन बचाने के लिए थानों और तहसीलों की चौखट पर भटकता है, जबकि सरकारी कुर्की वाली संपत्ति पर ही कथित कब्जे और बिक्री के आरोप सामने आ रहे हैं।
अब आवश्यकता आश्वासनों की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई की है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता सामने आनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए।
क्योंकि सरकारी संपत्ति की रखवाली यदि सरकारी तंत्र नहीं कर पाएगा, तो कानून के इकबाल पर भरोसा आखिर कैसे कायम रहेगा?













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।