मऊरानीपुर। कोतवाली मऊरानीपुर की शिवगंज चौकी क्षेत्र अंतर्गत सुखनई नदी में कथित अवैध बालू खनन का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। नदी के विभिन्न हिस्सों में जगह-जगह गहरी खुदाई और बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू के अवैध उत्खनन के चलते नदी क्षेत्र में खतरनाक स्थिति बन गई है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
बताया जाता है कि नदी से बालू निकालने के लिए कई स्थानों पर गहरी खुदाई की गई है। इससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित होने के साथ ही जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। बरसात अथवा अन्य कारणों से इन गड्ढों में पानी भर जाने पर उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में नदी में पहुंचने वाले बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुखनई नदी में पूर्व में भी डूबने सहित कई हादसे सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद नदी क्षेत्र में कथित अवैध खनन की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाने से लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गहरे गड्ढों को चिह्नित कर सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
वहीं, कथित अवैध बालू खनन से सरकारी राजस्व को भी लाखों रुपये की क्षति पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि नदी क्षेत्र में बालू का उत्खनन किन परिस्थितियों में हो रहा है और इसकी निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की ओर से अब तक क्या कार्रवाई की गई है? क्या संबंधित अधिकारियों को नदी में चल रही गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर निगरानी व्यवस्था में कहीं कोई कमी रह गई है?
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से सुखनई नदी का स्थलीय निरीक्षण कराने, खनन की वास्तविक स्थिति की जांच करने, अवैध उत्खनन में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई करने तथा सरकारी राजस्व को हुई क्षति का आकलन कराने की मांग की है। इसके साथ ही नदी में बने गहरे गड्ढों को चिह्नित कर चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग भी उठाई है।
अब सवाल यह है कि प्रशासन सुखनई नदी में कथित अवैध खनन पर कब प्रभावी कार्रवाई करेगा? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे के बाद जागेंगे या समय रहते नदी और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे?













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।