पाकिस्तान के संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक का तीन दिवसीय भारत दौरा बिना किसी द्विपक्षीय वार्ता के समाप्त हो गया। 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यतागत संवाद फोरम में उनकी मौजूदगी ने भारत-पाकिस्तान संबंधों को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया। इस यात्रा का सबसे बड़ा संदेश यही रहा कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति की औपचारिकताएं निभाने के बावजूद भारत अपने राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर समझौता करने को तैयार नहीं है।
भारत ने एससीओ के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर बहुपक्षीय मंच की मर्यादा निभाई, लेकिन पाकिस्तानी मंत्री के साथ किसी औपचारिक द्विपक्षीय मुलाकात से परहेज किया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव और ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि में यह रुख स्वाभाविक भी है। भारत का स्पष्ट संदेश है कि सीमा पार आतंकवाद पर ठोस कार्रवाई के बिना सामान्य बातचीत की राह आसान नहीं हो सकती।
हालांकि, इस यात्रा के दौरान सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण और संवाद की संभावनाओं पर पाकिस्तानी मंत्री के बयान कूटनीतिक नरमी के संकेत देने की कोशिश जरूर थे, लेकिन उनसे रिश्तों में बदलाव का कोई ठोस आधार नहीं बना। पाकिस्तान को यह समझना होगा कि केवल मंचों पर सद्भाव की बातें करने से विश्वास बहाल नहीं होता।
इस घटनाक्रम ने देश की घरेलू राजनीति में भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज कर दिए। कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने सरकार की नीति पर सवाल उठाए, जबकि कुछ नेताओं ने एससीओ की सदस्यता और अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के लिहाज से भारत की मेजबानी को उचित बताया। दोनों पक्षों की दलीलों में राजनीतिक दृष्टिकोण स्पष्ट दिखाई देता है।
दरअसल, विदेश नीति जैसे गंभीर विषय को केवल राजनीतिक आरोपों तक सीमित करना उचित नहीं है। भारत को एक ओर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी जिम्मेदारियां निभानी हैं, तो दूसरी ओर राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद के मुद्दे पर दृढ़ रहना है। संवाद शांति का माध्यम हो सकता है, लेकिन उसके लिए विश्वास और ईमानदार प्रयास अनिवार्य हैं।
पाकिस्तान के मंत्री का खाली हाथ लौटना केवल एक कूटनीतिक घटनाक्रम नहीं, बल्कि यह संदेश भी है कि भारत के साथ संबंधों में सुधार की जिम्मेदारी केवल भारत की नहीं, पाकिस्तान की भी है। आतंकवाद पर ठोस कार्रवाई और भरोसे का वातावरण बने बिना रिश्तों में वास्तविक बदलाव की उम्मीद बेमानी होगी।
- सन्त कुमार भारद्वाज













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।