मऊरानीपुर। कोतवाली मऊरानीपुर में तैनात पुलिसकर्मी इन दिनों लगातार विवादों को लेकर चर्चा में हैं। एक मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि दूसरा मामला सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कुछ दिन पूर्व कुरैचा नाका क्षेत्र में एक दरोगा पर मारपीट करने और वाहन चढ़ाने के प्रयास का आरोप लगा था। अब ग्राम बड़ागांव निवासी एक महिला ने दूसरे दरोगा पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
ग्राम बड़ागांव निवासी मनोज देवी ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 12 नवंबर को वह अपने पति के साथ भूसा जलने की घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुंची थीं। उनके पति ने संबंधित दरोगा को प्रार्थना पत्र सौंपा। महिला का आरोप है कि प्रार्थना पत्र देखते ही दरोगा नाराज हो गए और कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें अपमानित किया। इतना ही नहीं, परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी।
महिला के अनुसार, आग लगने की घटना के दौरान डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी और घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया था। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया था। इसके बावजूद शिकायत लेकर पहुंचने पर उनकी सुनवाई नहीं हुई और उन्हें थाने से वापस भेज दिया गया।
इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि उन्हें प्रकरण की जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी कर जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read- विश्व एकता और सर्वधर्म सद्भाव के संदेश से गूंजा मऊरानीपुर
लगातार सामने आ रहे आरोपों ने कोतवाली की कार्यशैली को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सवाल यह है कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले लोगों के साथ यदि अभद्र व्यवहार और धमकी के आरोप सामने आते हैं तो आमजन का पुलिस पर भरोसा कैसे कायम रहेगा? अब निगाहें अधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।