मऊरानीपुर (झांसी)। झांसी जनपद की मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र की रानीपुर पुलिस चौकी अंतर्गत सपरार बांध की मुख्य नहर में नहाने गए 45 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। नहाते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चला गया और नहर के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। काफी प्रयासों के बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे क्रॉसिंग के पास उसका शव बरामद हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला लाडगंज निवासी नारायणदास पुत्र लखनलाल आर्य (45) मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे ग्राम पंचायत लोहारगांव के पास सिदरा खिरक से निकली सपरार बांध की मुख्य नहर में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए। नहर का बहाव तेज होने के कारण वह पानी में बह गए। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस चौकी से उपनिरीक्षक सतीश चंद्र, सिपाही अंशु एवं महेंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नहर में तलाश अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर रेलवे क्रॉसिंग के पास नारायणदास का शव बरामद कर लिया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के बेटे करण ने बताया कि उनके पिता नहर में नहाने के लिए गए थे, जहां यह हादसा हो गया। बताया गया कि करण अपनी दादी और पिता के साथ रहता था, जबकि उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। पिता की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब करण के लिए उसकी दादी ही एकमात्र सहारा रह गई हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।