ईवीएम प्रशिक्षण केंद्र पर नागरिकों ने किया मॉक मतदान, समझी वोट डालने की प्रक्रिया,
तहसील परिसर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आमजन को दी गई ईवीएम की कार्यप्रणाली की जानकारी,

मऊरानीपुर (झाँसी)। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने और ईवीएम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मऊरानीपुर तहसील परिसर में ईवीएम प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 224 मऊरानीपुर के ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचने वाले फरियादियों, तहसील में आने वाले नागरिकों तथा अन्य लोगों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान नागरिकों को बताया गया कि मतदान के समय ईवीएम का किस प्रकार उपयोग किया जाता है और मतदाता किस तरह अपनी पसंद के प्रत्याशी के सामने निर्धारित बटन दबाकर मताधिकार का प्रयोग कर सकता है। इसके साथ ही मतदान की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाने के लिए उपस्थित लोगों से मशीन पर मॉक मतदान भी कराया गया। नागरिकों ने स्वयं ईवीएम का इस्तेमाल कर मतदान का अभ्यास किया और मशीन के संचालन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान लोगों को ईवीएम के विभिन्न हिस्सों और मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया से परिचित कराया गया। प्रदर्शन केंद्र पर आने वाले नागरिकों ने प्रशिक्षण में रुचि दिखाई और मॉक मतदान के माध्यम से वोट डालने का अनुभव प्राप्त किया। जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं की मतदान प्रक्रिया से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान करना तथा उन्हें चुनाव में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना रहा।
इसी क्रम में नगर के समाजसेवी शुभम पांडे ने भी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पहुंचकर मशीन पर मॉक मतदान किया और उसकी कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के महत्व को समझना चाहिए। इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों से लोगों को मतदान की प्रक्रिया को नजदीक से जानने का अवसर मिलता है। साथ ही चुनाव के दौरान मतदान को लेकर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति भी नहीं रहती।
कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी का महत्व समझाते हुए जागरूक और जिम्मेदार मतदाता बनने का संदेश दिया गया।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।