झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र में साइबर ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी राज श्रीवास पर इंस्टाग्राम आईडी हैक कर निजी तस्वीरों का दुरुपयोग करने, उन्हें एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने और बदले में रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी पुलिस विभाग में कार्यरत एक पुलिसकर्मी का बेटा है, जिसके चलते प्रारंभिक शिकायत के बावजूद स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर नवाबाद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा सकें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी कहा कि साइबर अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।