असम के डिब्रूगढ़ स्थित बोगीबील टर्मिनल से बांग्लादेश के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय कार्गो यात्रा शुरू हुई। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसे हरी झंडी दिखाई, जबकि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा वर्चुअल माध्यम से जुड़े। खेप में असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड का बना 1,080 टन मेथनॉल है, जो 54 आईएसओ टैंक कंटेनरों में दो जहाजों पर लदा है।
जहाज राष्ट्रीय जलमार्ग-2 से चलकर भारत-बांग्लादेश प्रोटोकॉल रूट के जरिये ढाका के पंगाओं बंदरगाह पहुंचेंगे। बोगीबील से बांग्लादेश सीमा तक लगभग 783 किलोमीटर की दूरी करीब सात दिन में तय होने का अनुमान है। ये दोनों जहाज असम के अंतर्देशीय जल परिवहन विभाग के थे और करीब तीस साल से बेकार पड़े थे। कंपनी ने उन्हें लीज पर लेकर पांडू में मरम्मत करवाई।
आगे इस मार्ग से पॉलिमर, कोयला, चाय, कृषि उत्पाद और जीआई टैग वाले सामान भेजने की संभावना जताई गई है। सरकार और आईडब्ल्यूएआई पूर्वोत्तर के उत्पादों को इसी रास्ते अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना चाहते हैं।




टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।