फतेहाबाद (आगरा)। मजबूत हौसले और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर दिव्यांगता को मात दे रहे समाजसेवी एवं शिक्षक श्रीकांत सिसोदिया क्षेत्र में प्रेरणा की मिसाल बने हुए हैं। अपनी निशुल्क पाठशाला में नियमित पढ़ने आने वाली बालिकाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्होंने उपहार स्वरूप टिफिन वितरित किए।
इस कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति निरीक्षक अमरनाथ मौर्य का विशेष सहयोग रहा। श्रीकांत ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
मूल रूप से घाघपुरा निवासी श्रीकांत के जीवन में 6 जून 2010 को हुए हादसे ने बड़ा बदलाव ला दिया। इस दुर्घटना के बाद वे चलने और अपने हाथों से भोजन करने में असमर्थ हो गए। हादसे से पहले उनका चयन केंद्रीय पुलिस बल में हुआ था, लेकिन देशसेवा का सपना अधूरा रह गया।
उन्होंने निराश होने के बजाय शिक्षा को अपना लक्ष्य बनाया और घर पर निशुल्क पाठशाला शुरू कर दी। पिछले कई वर्षों से वे प्रतिदिन व्हीलचेयर पर बैठकर बच्चों को निशुल्क शिक्षा दे रहे हैं। कार्यक्रम में राजेश कुमार सिसोदिया, सुरेंद्र सिसोदिया, दाऊशरण सिसोदिया, आशीष कुमार सिसोदिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।