बिजनौर। बिजनौर-चांदपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। ग्राम उलेढ़ा स्थित इंदू पेट्रोल पंप के सामने बिजनौर से चांदपुर जा रही रोडवेज बस और सामने से आ रही बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे बिजनौर डिपो की रोडवेज बस संख्या UP 20T 7254 चांदपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही स्प्लेंडर बाइक संख्या DL9SAF9975 से बस की भिड़ंत हो गई। बाइक पर सवार दोनों युवकों की पहचान गौरव (27) पुत्र नेपाल सिंह निवासी ग्राम सिकरौंदा तथा कार्तिक (23) पुत्र अशोक कुमार निवासी ग्राम पुट्ठा, थाना हीमपुर दीपा के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना पीआरवी 2417 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना हीमपुर दीपा के प्रभारी निरीक्षक रवि करण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों युवकों को जिला अस्पताल बिजनौर भिजवाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस और बाइक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। हादसे की खबर मिलते ही गौरव के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए, जबकि कार्तिक के परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है। स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है। मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।