मथुरा। भाई दूज के पावन पर्व पर बुधवार को विश्राम घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यम द्वितीया के अवसर पर बहनें अपने भाइयों के साथ यमुना स्नान के लिए पहुंचीं। भाई-बहनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर यमुना में आस्था की डुबकी लगाई और स्नान के बाद तिलक कर एक-दूसरे की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। घाट पर सुबह से ही स्नान करने वालों का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान जय यमुना मैया के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भाई दूज पर यमुना में स्नान करने और बहन के हाथों तिलक कराने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि यमुना ने अपने भाई यमराज को घर बुलाकर उनका आदर-सत्कार किया था और स्नान व तिलक के बाद उनसे वरदान मांगा था कि इस दिन यमुना में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को यमलोक का भय न रहे। इसी परंपरा के चलते हर वर्ष भाई दूज पर मथुरा के विश्राम घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।घाट पर मौजूद एक श्रद्धालु ने बताया कि प्रशासन की ओर से सहयोग मिल रहा है और लोग शांतिपूर्वक स्नान कर दर्शन के बाद लौट रहे हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी अच्छी भीड़ रही। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया गया।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।