फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। अयोध्या में रामलला के दर्शन कर आगरा में ताजमहल देखने आ रहे गुजरात के श्रद्धालुओं से भरी मिनी ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
दुर्घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 37.100 पर हुई। जानकारी के अनुसार, गुजरात के सूरत निवासी धीरज पाटिल श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या गए थे। शुक्रवार शाम दर्शन के बाद सभी आगरा के लिए रवाना हुए थे। चालक के मुताबिक, आगे चल रहे भारी वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए। वाहन की पिछली लाइट नहीं जलने के कारण ट्रैवलर चालक उसे समय रहते नहीं देख सका और पीछे से टक्कर हो गई।
दो श्रद्धालुओं की मौत, 11 घायल
हादसे की सूचना पर यूपीडा की रेस्क्यू टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रैवलर में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने प्रदीप (53) और जनक बेन (58) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 11 अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
रेस्क्यू के बाद यातायात सुचारू
फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा के अनुसार, पुलिस और यूपीडा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य कर क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाया और यातायात सुचारू कराया। धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए यह हादसा खुशियों को मातम में बदल गया।













टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।